समस्तीपुर: जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महथी दक्षिण पंचायत के सिरसी वार्ड संख्या 5 में उस समय कोहराम मच गया, जब शादी के दिन ही दूल्हे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. जिस घर में कुछ ही घंटों बाद बारात निकलने वाली थी, वहां अचानक मातम पसर गया और शहनाई की गूंज रोने- बिलखने की आवाज में बदल गई.

मृतक की पहचान सिरसी निवासी शिव शंकर महतो के लगभग 28 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है. सुजीत की शादी समस्तीपुर जिले के ही कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र के ताजपुर बेला गांव में तय हुई थी. शादी की तैयारियों को लेकर 30 नवंबर से लगातार कार्यक्रम चल रहे थे.
30 नवंबर को सत्यनारायण भगवान की पूजा और दो बच्चों का मुंडन संस्कार हुआ. इसके बाद एक दिसंबर को घृतढ़ारी, मटकोर और कुल देवी-देवताओं की पूजा संपन्न कराई गई. बुधवार की रात हल्दी और मेहंदी की रस्म के बाद सुजीत ने परिवार के साथ भोजन किया और सोने चला गया.
गुरुवार सुबह करीब छह बजे जब पैनकट्टी और लावा भुंजने की तैयारी के दौरान परिजनों ने उसे जगाने की कोशिश की, तो वह नहीं उठा. पास जाकर देखने पर वह बेहोशी की हालत में मिला. परिजन उसे आनन- फानन में एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया. इसके बाद उसे इलाज के लिए दलसिंहसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. मां तारा देवी, बड़े भाई सुमित कुमार, बहन पूजा कुमारी समेत सभी सगे- संबंधियों का रो-रोकर बुरा हाल है. किसी को विश्वास नहीं हो रहा कि जहां खुशियों की तैयारी चल रही थी, वहीं अब चिता जलाई जा रही है. ग्रामीणों और परिजनों ने नम आंखों से सुजीत का अंतिम संस्कार कर दिया. फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. परिवार इसे संदिग्ध मान रहा है और मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहा है.

