सासाराम/पटना/ Arzoo Bakhsh बिहार से शुरू हुई मतदाता अधिकार यात्रा ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है. आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा लगातार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है और लोकतंत्र को समाप्त करने की कोशिश हो रही है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार की धरती लोकतंत्र की जननी है और लोकतंत्र को मिटाने की साजिश सफल नहीं होगी. इस यात्रा को राहुल गांधी रवाना करेंगे और लालू प्रसाद यादव हरी झंडी दिखाएंगे.

निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि राहुल गांधी युवाओं और किसानों की आवाज बनकर सामने आए हैं. उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा में 10 हजार किलोमीटर पैदल चलकर जनता का भरोसा जीता है. पप्पू यादव ने जोड़ा कि यह यात्रा राजनीतिक लाभ के लिए नहीं बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए है.
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग खुद मान चुका है कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी है. उन्होंने कहा कि अगर आयोग लोकतंत्र का सम्मान करता है तो वोटर लिस्ट की खामियों को दूर करना उसका दायित्व है. कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर मतदाता अधिकारों की चोरी कर रही है और यही लड़ाई इस यात्रा के केंद्र में है.
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि जब वोट का अधिकार ही चोरी हो जाएगा तो चुनाव का कोई महत्व नहीं रह जाएगा. उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान विपक्षी दल आम जनता से सीधा संवाद करेंगे. अलका लांबा ने कहा कि इस यात्रा का मकसद वोट चोरी रोकना और हर नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना है.
वहीं भाजपा नेताओं ने इस यात्रा को चुनावी स्टंट बताया. बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि इस यात्रा का टायर पहले ही पंचर हो चुका है और जनता ऐसे नेताओं के साथ खड़ी नहीं होगी जिन्हें संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं है. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि यह यात्रा कृष्ण जन्माष्टमी के दिन शुरू हुई है और जैसे भगवान कृष्ण ने कंस का अंत किया था वैसे ही यह साजिश भी समाप्त होगी.
मतदाता अधिकार यात्रा को लेकर बिहार की राजनीति गरमाई हुई है और विपक्ष इसे लोकतंत्र की लड़ाई बता रहा है जबकि भाजपा इसे जनता को गुमराह करने वाला कदम कह रही है.

