बिहार: सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में NH-131 (पूर्व NH-106) पर बुधवार सुबह करीब 7 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई. जहां सीएनजी टेंपो और एक कार के बीच आमने- सामने की जोरदार टक्कर में टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार सीएनजी टेंपो राघोपुर से सिमराही की ओर जा रहा था. इसी दौरान सिमराही बाजार की ओर से राघोपुर की तरफ आ रही एक अज्ञात कार से राघोपुर थाना से लगभग 100 मीटर पहले उसकी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में घायल चालक की पहचान राघोपुर पंचायत के मानिकचंद्र चकला वार्ड संख्या-1 निवासी दिलीप मंडल के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर बताई है.
बताया जा रहा है कि हादसे के समय इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई थी. आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण यह दुर्घटना हुई.
घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त टेंपो को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया. पुलिस फरार कार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुट गई है.

