बिहार: सासाराम पुलिस ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिलाध्यक्ष और करूप पंचायत के मुखिया कमलेश राय को गिरफ्तार किया है. उन पर एक नाबालिग लड़की के अपहरण और उसके साथ अनैतिक कृत्य करने का गंभीर आरोप है.

एसडीपीओ-2 कुमार वैभव ने बताया कि कमलेश राय भैंसही कला गांव, करूप पंचायत के निवासी हैं. इस मामले में 12 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. मुकदमा दर्ज होने के बाद 19 नवंबर को पुलिस ने नाबालिग लड़की को बरामद किया था.
बरामदगी के बाद पीड़िता के कोर्ट में दिए गए बयान और परिजनों की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर कमलेश राय की गिरफ्तारी की गई है. फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है.
इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और राजनीतिक गलियारों में भी हलचल देखी जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी.

