सासाराम/ Arzoo Bakhsh जिला परिवहन कार्यालय में वित्तीय अनियमितता का बड़ा मामला सामने आया है. यहां के कार्यालय में कार्यरत चार कर्मियों ने मिलकर 2 करोड़ 30 लाख रुपए की राशि सरकारी खाते में जमा नहीं किया. इस घोटाले की पुष्टि खुद जिला परिवहन पदाधिकारी रामबाबू ने की है.

ऑडिट रिपोर्ट सामने आने के बाद समाहरणालय में हड़कंप मच गया. इसके बाद डीटीओ रामबाबू ने नगर थाना में अपने ही विभाग के चार कर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कराया. जानकारी के अनुसार, डीटीओ कार्यालय के कर्मी अजय कुमार सिंह और अक्षय कुमार ने मोटर व्हीकल टैक्स के तहत वसूले गए 1 करोड़ 75 लाख रुपए बैंक में जमा नहीं किया.
वहीं, कार्यालय में कार्यरत दो अनिल कुमार- एक प्रोग्रामर और एक डाटा एंट्री ऑपरेटर- ने ई- चालान के 55 लाख रुपए की राशि बैंक में नहीं जमा की. जब वित्तीय वर्ष 2021 से 2025 तक का ऑडिट किया गया, तब इस बड़ी अनियमितता का खुलासा हुआ. जिला परिवहन पदाधिकारी रामबाबू ने कहा कि यह जनता से वसूले गए टैक्स की राशि थी, जिसे सरकारी खाते में जमा करना अनिवार्य था. इसे जमा न करना एक गंभीर वित्तीय अपराध है. मामले की नजाकत को देखते हुए सासाराम एसडीपीओ दिलीप कुमार खुद डीटीओ कार्यालय पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और छानबीन जारी है.

