समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के मंगलगढ़ पंचायत के वार्ड संख्या छह में मंगलवार की शाम एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया. मृतक की पहचान मंगलगढ़ वार्ड 05 निवासी संतोष कुमार यादव (34 वर्ष) के रूप में हुई है. परिजनों ने आरोप लगाया है कि शराब में जहर मिलाकर उसकी हत्या की गई है.

जानकारी के अनुसार, रामबहादुर राम के घर में खेल रही एक बच्ची ने खिड़की से शव को देखा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की. मृतक की पत्नी ने बताया कि सुबह गांव के ही राम बहादुर राम ने फोन कर उसके पति को बुलाया था. पत्नी का आरोप है कि राम बहादुर राम ने शराब में जहर मिलाकर उसके पति की हत्या कर दी.
ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी राम बहादुर राम अवैध महुआ शराब का कारोबार करता है. घटना के बाद से वह फरार है. सूचना पर हसनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया. अपर थाना प्रभारी कुमारी दिव्या ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

