सहरसा: सोमवार की देर शाम लोक जनशक्ति पार्टी आर के सलखुआ प्रखंड अध्यक्ष अरुण यादव के 22 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई है. वहीं उनकी पत्नी रम्भा देवी की भी बेरहमी से पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है.

रम्भा देवी स्वास्थ्य केंद्र सलखुआ में आशा कार्यकर्ता के पद पर कार्यरत हैं. हत्या की वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. लोजपा आर के प्रखंड अध्यक्ष अरुण यादव का 22 वर्षीय पुत्र इंटर का छात्र था और हैदराबाद में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि आपसी पुरानी रंजिश में गांव के ही बदमाशों ने लाठी, डंडा और लोहे की रॉड से लोजपा आर के प्रखंड अध्यक्ष के परिवार के ऊपर जानलेवा हमला कर दिया. लोजपा आर के प्रखंड अध्यक्ष अरुण यादव ने गांव के ही किशोर यादव, कपूर चंद यादव, मुकेश यादव, निरंजन यादव और अमित कुमार समेत कई अन्य अज्ञात लोगों के ऊपर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दो आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है. शेष आरोपियों की तलाश जारी है. मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

