रोहतास: बिहार के रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगहार गांव के पास सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार एसयूवी और टेंपो के बीच भीषण आमने- सामने की टक्कर हो गई. इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेजा, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. घटना की सूचना मिलते ही नोखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. इस घटना से इलाके में मातम का माहौल है.

