रोहतास/ Arzoo Bakhsh जिले के दिनारा थाना में गुरुवार को उपद्रवियों ने भारी बवाल मचाया. उपद्रवियों थाने में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया. इस हमले में सुरपुरा थानाध्यक्ष मनीष कुमार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए.

घायल थानाध्यक्ष को इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल लाया गया. उनके सिर में गंभीर चोट आई है और टांके लगाए गए हैं. हमले में दिनारा, दावथ समेत कई थानों की गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. पुलिसकर्मियों के साथ जमकर मारपीट की गई.
मौके पर रोहतास एसपी रौशन कुमार खुद पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. थाने के अंदर कुर्सी, टेबल और अन्य सामानों को उपद्रवियों ने पूरी तरह से तोड़ डाला. घटना की जड़ बेलबईया इलाके में जमीन विवाद को बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार लाल कार्डधारी लोगों के पर्चा वाली जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ. इसी दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग की गई, जिसमें अनीस पासवान नामक युवक घायल हो गया.
घायल युवक को पहले सासाराम सदर अस्पताल लाया गया और फिर पटना रेफर कर दिया गया. अनीस के भाई का आरोप है कि पुलिस विपक्षी पक्ष से मिली हुई है. इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया. सैकड़ों लोग थाना परिसर में जमा हो गए और देखते ही देखते हिंसा भड़क उठी. पुलिस पर पथराव हुआ और कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं. बताया जा रहा है कि यह जमीन विवाद वर्ष 2011 से चला आ रहा है. गुरुवार को करीब 135 लाल कार्डधारी जमीन पर धान लगाने से रोकने पहुंचे थे, इसी दौरान झड़प और गोलीबारी हुई.

