पटना/ Arzoo Bakhsh जिले के जानीपुर थाना क्षेत्र के बांदीपुर गांव में सोमवार देर रात पुलिस और कुख्यात अपराधी दीपक कुमार के बीच मुठभेड़ हो गई. मालूम हो कि शिवाला चौक निवासी दीपक कुमार लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों में आरोपी है. मुठभेड़ के दौरान अपराधी दीपक ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी. गोलीबारी में दीपक के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गंभीर अवस्था में पहले एम्स पटना और फिर पीएमसीएच में भर्ती कराया गया. वर्तमान में उसका इलाज चल रहा है.

पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि 12 अगस्त को जानीपुर थाना क्षेत्र के सिमरा गांव स्थित एक ब्यूटी पार्लर में डकैती और फायरिंग की घटना हुई थी. इस मामले में दीपक कुमार की संलिप्तता सामने आई थी. पूछताछ में उसने कई पुराने आपराधिक मामलों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की थी. पुलिस टीम जब लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए दीपक को लेकर बांदीपुर गांव पहुंची, तभी उसने पिस्तौल निकालकर पुलिस पर हमला कर दिया.
पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्तौल, जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है. मौके पर सिटी एसपी वेस्ट भानु प्रताप सिंह, सीडीपीओ फुलवारी शरीफ-2, जानीपुर थाना अध्यक्ष नवीन कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी और एफएसएल की टीम मौजूद रही.
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि दीपक का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस उसकी गतिविधियों की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

