गोपालगंज/ Arzoo Bakhsh जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव के पास बीती देर रात पुलिस और कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी. घायल बदमाश को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान छपरा जिले के सीरिश्तापुर, जनता बाजार गांव निवासी स्वर्गीय कृष्णा सिंह का 22 वर्षीय पुत्र विकास सिंह कुशवाहा के रूप में हुई है. उसके खिलाफ हत्या और लूट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं.
एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि हाल ही में धर्मपरसा बाजार में ज्वेलर्स दुकान में हुई लूट की घटना में शामिल बदमाश के किसी अन्य वारदात की योजना बनाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर एक विशेष टीम गठित की गई. छापेमारी के दौरान जलालपुर गांव के पास स्थित चिमनी के समीप पुलिस को देखकर विकास सिंह ने दो राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली पुलिस की जीप पर लगी. आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर के घुटने में गोली लगी. मौके से एक पिस्टल, दो खोखे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

