पटना/ Arzoo Bakhsh राजधानी पटना और जहानाबाद जिले के कई थानों में हत्या, लूट, हथियार तस्करी और संगठित अपराध के मामलों में वांछित कुख्यात अपराधी रोशन कुमार शर्मा बुधवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया.

घटना फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के कुरकुरी रोड की है, जहां पूछताछ के लिए ले जाए जाने के दौरान रोशन ने एक पुलिसकर्मी से हथियार छीनने की कोशिश की और मौके से भागने लगा. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे पैर में गोली मार दी. घायल अवस्था में उसे पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.
रोशन शर्मा, पिता स्वर्गीय संजय शर्मा, मूल रूप से सलेमपुर, शकुराबाद, जिला जहानाबाद का निवासी है. उसके खिलाफ पटना के कंकड़बाग, रामकृष्ण नगर, अगमकुआं और फुलवारी शरीफ सहित कई थानों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. जानकारी के अनुसार, वह बिहार के टॉप 10 फरार अपराधियों में शामिल था. पुलिस सूत्रों के अनुसार, रोशन हत्या, लूट, रंगदारी वसूली और अवैध हथियार तस्करी जैसे संगठित अपराधों में वर्षों से सक्रिय रहा है. वह पहले भी बैरिया जीरो माइल बस स्टैंड पर एक बस चालक कृपानाथ शर्मा की गोली मारकर हत्या कर चुका है. साथ ही कुम्हार टोली में रॉकी नामक युवक पर जानलेवा चाकू हमला करने का आरोपी है. फुलवारी पेट्रोल पंप लूट और अवैध निर्माण से जुड़े विवादों में भी वह संलिप्त रहा है. रामकृष्ण नगर थाना अध्यक्ष आशुतोष कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने हाल ही में जहानाबाद से उसे गिरफ्तार किया था. उस दौरान उसके साथ धीरेंद्र उर्फ कक्कू फरार हो गया था. गिरफ्तारी के समय पुलिस को एक मिनी गन फैक्ट्री का भी पता चला था, जहां से भारी मात्रा में असलहा, कारतूस और हथियार निर्माण से जुड़े उपकरण बरामद किए गए. बुधवार तड़के पुलिस रोशन शर्मा को लेकर उसके संभावित ठिकाने कुरकुरी रोड पहुंची थी. पूछताछ के दौरान वह पुलिस को बार-बार गुमराह करता रहा. इसी दौरान उसने एक पुलिसकर्मी से हथियार छीनने की कोशिश की और भागने लगा. लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने पीछा कर उसे काबू में लिया और आवश्यक बल प्रयोग करते हुए गोली मारी. घटना की जानकारी मिलते ही पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा मौके पर पहुंचे और ऑपरेशन की कमान संभाली. एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से खून के धब्बे, संघर्ष के निशान और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए. फुलवारी शरीफ क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया गया है. वहीं, फरार अपराधी धीरेंद्र उर्फ कक्कू की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है. पुलिस का मानना है कि रोशन शर्मा की गिरफ्तारी से एक बड़े आपराधिक नेटवर्क का भंडाफोड़ संभव है. फिलहाल वह पीएमसीएच में भर्ती है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है.

