सिवान: जिले के लकड़ी नवीगंज थाना क्षेत्र के नवीगंज पकड़ी तिवारी टोला में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ. 18 वर्षीय अमन कुमार तिवारी घोघारी नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में डूब गया. अमन अपने माता- पिता के साथ पंजाब में रहकर पढ़ाई कर रहा था और कुछ दिनों पहले ही गर्मी की छुट्टियों में गांव लौटा था. वह अपनी दादी के साथ रह रहा था. रविवार को गांव के दोस्तों के साथ नहाने गया था, लेकिन नदी के उफान के कारण वह गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए, लेकिन नदी में 20 से 25 फीट गहराई होने के कारण कोई भी अमन को नहीं बचा सका. सूचना पाकर पुलिस और एनडीआरएफ की गोपालगंज टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय आरटीएम (रिवर टास्क मैन) की सहायता से तलाशी अभियान शुरू किया गया. हालांकि नदी में तेज धारा और बढ़े जलस्तर के कारण अब तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है.
अमन के माता-पिता अभी भी पंजाब में हैं, जिन्हें हादसे की खबर मिलते ही गहरा सदमा लगा है. गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा उपाय करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है. थाना प्रभारी ने बताया कि बचाव कार्य जारी है और जल्द ही शव बरामद करने की कोशिश की जा रही है. इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है और लोगों ने इसे एक गंभीर सबक बताया है कि बरसात के मौसम में नदियों के उफान पर नहाने से परहेज करना चाहिए.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
