आरा: बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच भोजपुर जिले में हुई डबल मर्डर की घटना ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. आरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलघाट गांव में शुक्रवार सुबह मिठाई दुकानदार प्रमोद कुशवाहा और उनके बेटे प्रियांशु कुशवाहा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. सुबह- सुबह हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और दहशत का माहौल कायम हो गया.

जानकारी के अनुसार, मृतक प्रमोद कुशवाहा मूल रूप से उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कसाप गांव के रहने वाले थे. फिलहाल वे जयनगर गांव में मकान बनाकर परिवार के साथ रहते थे और पियनिया बाजार में ‘मौर्या मिठाई दुकान’ चलाते थे. बताया जा रहा है कि सुबह किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें दुकान से बुलाया और फिर पिता-पुत्र दोनों को गोली मार दी. बाद में दोनों के शव बेलघाट गांव के पास फेंके मिले.
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष दीपक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा कारतूस और बाइक बरामद की है. फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, प्रमोद कुशवाहा राष्ट्रीय लोक मोर्चा पार्टी से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ता थे. इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश और शोक दोनों का माहौल है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
