मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में डायन होने का आरोप लगाकर 50 वर्षीय महिला की कथित रूप से बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है. गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना कच्ची- पक्की ओपी क्षेत्र के जगदीशपुर गांव की है. मृतका की पहचान रामप्रवेश राय की पत्नी सरस्वती देवी के रूप में हुई है.


मृतका के पति रामप्रवेश राय का आरोप है कि शनिवार रात करीब नौ बजे पड़ोसी शिवचंद्र राय, श्रवण कुमार, अमर राय समेत छह-सात लोगों ने उनकी पत्नी को डायन बताकर बेरहमी से पीटा. घायल महिला को पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालत गंभीर होने पर एसकेएमसीएच रेफर किया गया. बाद में बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.
सोमवार को शव गांव पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे. उन्होंने आरोपियों के घर में शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की.
सूचना मिलते ही कच्ची- पक्की ओपी प्रभारी कुमारी पुष्पा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया. कई घंटे की मशक्कत और कार्रवाई के आश्वासन के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया. पुलिस ने परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

