मुजफ्फरपुर: जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हुआ जिसमें चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए. हादसा मीनापुर थाना क्षेत्र के खेमाईपट्टी गांव के पास हुआ. मृतकों में तीन अधेड़ और एक दस वर्षीय मासूम बच्ची शामिल है. सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं. वहीं, घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए एसकेएमसीएच मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है.

घटना के संबंध में बताया गया कि देर शाम एक ईंट से लदा ट्रैक्टर मीनापुर की ओर जा रहा था. उसी समय श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वैन भी उसी दिशा में जा रही थी. इसी दौरान ट्रैक्टर के डाले से पिकअप में साइड से टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में बैठे चार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें से चारों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. सभी श्रद्धालु समस्तीपुर जिले के सीयूरी मेला देखकर लौट रहे थे.
मीनापुर थाना प्रभारी राम इकबाल प्रसाद ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हैं. घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ट्रैक्टर के डाले पर ईंट लदी थी और श्रद्धालु पिकअप के ऊपर बैठे हुए थे. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बना रहा.

