बिहार: मुजफ्फरपुर जिले के रामपुरहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मपुर चौक के पास सोमवार सुबह अपराधियों ने युवा राजद नेता मंटू साह (35) की गोली मारकर हत्या कर दी. अपराधियों ने उनके सीने में तीन गोलियां दागीं जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.

सूचना मिलते ही रामपुरहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए गए हैं. ग्रामीणों में आक्रोश इतना अधिक था कि वे करीब चार घंटे तक शव उठाने को तैयार नहीं थे. बाद में वरीय अधिकारियों के समझाने पर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया.
मंटू साह धर्मपुर पंचायत के राजद युवा मोर्चा के अध्यक्ष थे. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है. हत्याकांड के पीछे के कारणों का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है. स्थानीय लोगों के अनुसार मंटू साह और अपराधियों के बीच हाथापाई भी हुई थी, जिसके बाद अपराधियों ने फायरिंग कर दी.

मृतक के पिता ने मंटू के दोस्त रमेश राय पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बताया कि सुबह रमेश राय घर आया था और मंटू को अपने साथ ले गया था. कुछ देर बाद हत्या की सूचना मिली. परिजनों का कहना है कि रमेश राय हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया है और पहले भी शराब के एक मामले में जेल जा चुका है. पुलिस ने रमेश राय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
घटनास्थल पर FSL टीम ने पहुंचकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं. DSP पूर्वी अजय वत्स और रामपुरहरी- मीनापुर थाना पुलिस क्षेत्र में कैंप कर रही है. SSP सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है और शक के आधार पर कुछ लोगों को डिटेन किया गया है. उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
