मुंगेर: जिले में मंगलवार की देर रात घने कुहासे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के उदयपुर के पास नेशनल हाईवे 80 पर हुआ.

जानकारी के अनुसार, भागलपुर जिले के सुल्तानगंज निवासी 25 वर्षीय राहुल कुमार अपने दो दोस्तों नवनीत और ऋतुराज के साथ किसी काम से देर रात सुल्तानगंज से मुंगेर की ओर जा रहा था. इसी दौरान उनकी XUV कार की आमने-सामने टक्कर एक पिकअप वैन से हो गई, जो मुंगेर से सुल्तानगंज की तरफ जा रही थी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक राहुल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के समय हाईवे पर घना कुहासा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम थी.
घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल भेजा, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. मृतक के बड़े भाई बिट्टू कुमार ने बताया कि राहुल बिना बताए देर रात दोस्तों के साथ गाड़ी लेकर निकला था और कुछ देर बाद ही दुर्घटना की सूचना मिली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात ठप हो गया था, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर बहाल किया.

