मधेपुरा: जिले के मुरलीगंज नगर पंचायत क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. घटना वार्ड संख्या 12 स्थित बैंगा नदी के पास बांसबिट्टी की है, जहां स्थानीय लोगों ने एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा हुआ देखा.

सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और युवक को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुरलीगंज ले जाया गया. डॉ. जितेंद्र कुमार जितेश ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया. डॉक्टर ने बताया कि युवक की मौत अस्पताल लाने से पहले ही हो चुकी थी.

मृत युवक की पहचान रितुराज कुमार (21 वर्ष), पिता शोभाकांत यादव, निवासी रघुनाथपुर पंचायत के भेलाही वार्ड, थाना मुरलीगंज के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि रितुराज सोमवार को पूर्णिया स्थित नशामुक्ति केंद्र से भागकर घर आया था. परिजनों का कहना है कि वे समझ नहीं पा रहे हैं कि यह घटना कैसे हुई.
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. मां-पिता और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है. आसपास के लोग युवक की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं. कुछ लोगों का कहना है कि युवक विभिन्न प्रकार के नशे का आदी था.
थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और घटना की जांच की. हालांकि, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

