पटना/ Arzoo Bakhsh जिले के बाढ़ अनुमंडल के नवादा पंचायत अंतर्गत लालाबागी गांव में बीती रात एक 16 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान राज कुमार के रूप में हुई है, जिसके पिता की मौत दस साल पहले सड़क दुर्घटना में हो चुकी थी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.

जानकारी के अनुसार, किशोर निर्माणाधीन घर में सोया हुआ था जबकि उसकी मां और बहन पास ही बने करकट के घर में सो रही थीं. सुबह जब परिजनों ने उसे जगाने की कोशिश की तो वह बिस्तर पर मृत पाया गया. उसकी कनपटी पर गोली का निशान था और बिस्तर पर खून फैला हुआ था. ग्रामीणों के अनुसार, किशोर का पास के एक लड़की से प्रेम संबंध था और लड़की के परिजन उसे लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे थे. बताया जा रहा है कि हत्या की वजह इसी विवाद को माना जा रहा है. मृतक के भाई रवि कुमार ने बताया कि किशोर को कई बार धमकी मिल चुकी थी, लेकिन वह यह कहकर टाल देता था कि बातचीत लड़की की ओर से शुरू होती थी. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की जांच जारी है.

