किशनगंज: शहर में नशे के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी और सख्त कार्रवाई की है. सदर थाना अध्यक्ष अभिषेक रंजन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कालू चौक मेला ग्राउंड के पीछे बने स्मैक के कई अवैध ठिकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. यह कार्रवाई सुबह से शुरू हुई, जिसमें पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे.

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित बनाया और एक-एक कर उन सभी अवैध स्थानों को तोड़ा, जहां से स्मैक की बिक्री और सेवन की शिकायतें मिल रही थीं. इस अभियान से नशे के कारोबार में शामिल लोगों में भारी हड़कंप मच गया है. कई स्थानीय लोग मौके पर जमा हुए और पुलिस की इस कार्रवाई का समर्थन किया.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर काम हो रहा है. उन्होंने कहा कि ऐसे अवैध ठिकानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर नशे के कारोबार को बढ़ने नहीं दिया जाएगा. इससे पहले भी किशनगंज पुलिस ने इसी इलाके में स्मैक के अड्डों को ध्वस्त किया था, जिससे नशे के कारोबारियों में पहले से ही खौफ का माहौल है.
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई को सराहनीय बताया है और कहा कि इससे शहर को नशामुक्त बनाने की दिशा में मजबूती मिलेगी. लोग उम्मीद कर रहे हैं कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलते रहें, ताकि किशनगंज को नशे की समस्या से पूरी तरह छुटकारा मिल सके.

