कैमूर: जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र में सोमवार की मध्य रात्रि चोरी की एक घटना से कारोबारियों में दहशत फैल गई. कर्मनाशा के समीप चांद नहर मोड़ पर स्थित एक चाय- पान की गुमटी का ताला अज्ञात चोरों ने तोड़ दिया. चोर गुमटी के अंदर रखा गैस सिलेंडर और लगभग 25 सौ रुपये नकद चोरी कर ले गए.

घटना की जानकारी दुकानदार को मंगलवार सुबह तब हुई जब वह रोज की तरह अपनी गुमटी खोलने पहुंचे. दुकान के बाहर ताला टूटा देखकर वे दंग रह गए. अंदर जाने पर पाया कि गैस सिलेंडर और कैश बॉक्स में रखी नगदी गायब थी. इसके बाद पीड़ित दुकानदार ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी.
सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली. पीड़ित दुकानदार राजेंद्र भारती, जो खजुरा गांव के निवासी हैं, चांद नहर मोड़ पर गुमटी में चाय–पान की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण–पोषण करते थे. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मिले गैस सिलेंडर पर ही दुकान चल रही थी. राजेंद्र ने यह भी कहा कि उनके साथ चोरी की यह तीसरी घटना है, जिससे वे बेहद परेशान और आहत हैं.
पुलिस कर्मियों ने बताया कि गुमटी का ताला तोड़कर एक बड़ा गैस सिलेंडर और नगदी की चोरी हुई है. पीड़ित को थाना में आवेदन देने की सलाह दी गई है ताकि आगे की कार्रवाई शुरू की जा सके. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में चोरों की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है.

