गोपालगंज: जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है. इस मुठभेड़ में नट गिरोह का कुख्यात अपराधी अजय नट पुलिस की गोली से घायल हो गया. पुलिस ने बताया कि अजय नट के पैर में दो गोलियां लगी हैं. उसे इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

घटना मीरगंज के जिगना ढाला के पास की है. अजय नट सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के बंगरा बिंदु टोली गांव का निवासी है. वह रामनाथ नट का बेटा है. अजय पर गोपालगंज, सीवान और सारण के अलावा उत्तर प्रदेश में भी 30 से अधिक लूट, छिनतई और हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं. वह 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी है. एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि अजय नट को गोरखपुर से गिरफ्तार किया गया था. उसे हथियार बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था. इसी दौरान जिगना ढाला के पास अजय ने छिपाकर रखे हथियार से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसे गोली लग गई. घटना के बाद एसपी खुद सदर अस्पताल पहुंचे और घायल अपराधी से पूछताछ की. उन्होंने बताया कि अजय नट की गिरफ्तारी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता है. फिलहाल पुलिस और एसटीएफ की टीम इस नट गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.

