सिवान: विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच सिवान जिले में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. लकड़ी नवीगंज थाना क्षेत्र के मदारपुर- खवासपुर में शनिवार को अनुमंडल मजिस्ट्रेट (SDM) अनीता सिन्हा और डीएसपी अमन के नेतृत्व में इंडो- तिब्बत बॉर्डर पुलिस (ITBP) के जवानों के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया. इस दौरान प्रशासन ने क्षेत्र में गश्त कर आसामाजिक तत्वों और आचार संहिता उल्लंघनकारियों को कड़ी चेतावनी दी.

डीएसपी अमन ने कहा कि चुनावी माहौल में शांति और कानून- व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. डीएसपी ने कहा, “फ्लैग मार्च का उद्देश्य समाज विरोधी तत्वों में भय उत्पन्न करना और आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाना है. जो लोग समाज और प्रशासन के खिलाफ काम कर रहे हैं, वे खुद को सुधार लें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें.”
फ्लैग मार्च के दौरान ITBP जवान अत्याधुनिक हथियारों से लैस होकर गांवों की गलियों और प्रमुख मार्गों से होकर गुजरे. ग्रामीणों ने इस अभियान का स्वागत किया और कहा कि ऐसे प्रयासों से असामाजिक तत्वों में डर और आम नागरिकों में विश्वास बढ़ा है.
एसडीएम अनीता सिन्हा ने मौके पर ग्रामीणों से अपील की कि वे चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें. उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करना है.
गौरतलब है कि सिवान पुलिस ने इससे पहले चैनपुर थाना क्षेत्र में भी फ्लैग मार्च निकाला था. प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में ऐसे अभियान जिले के सभी संवेदनशील इलाकों में चलाए जाएंगे ताकि चुनावी माहौल शांतिपूर्ण बना रहे.

