पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले जनता दल यूनाइटेड को बड़ा झटका लगा है. जदयू के वरिष्ठ नेता और पूर्णिया के पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने पार्टी छोड़कर राष्ट्रीय जनता दल की सदस्यता ग्रहण कर ली है. पटना स्थित एक पोलो रोड आवास पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई.

इस मौके पर बांका के जदयू सांसद गिरधारी यादव के बेटे चाणक्य प्रकाश, वैशाली के अजय कुशवाहा और जहानाबाद के पूर्व सांसद जगदीश शर्मा के बेटे, पूर्व विधायक राहुल शर्मा समेत सैकड़ों समर्थक भी आरजेडी में शामिल हुए.
संतोष कुशवाहा ने जदयू नेतृत्व पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि “नीतीश कुमार की पार्टी अब कुछ गिने- चुने लोगों के कब्जे में है. तीन नेताओं ने पूरी पार्टी हाईजैक कर ली है और जदयू अब अपने मूल उद्देश्य से भटक चुकी है.” उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे “सिर्फ दरबानी की भूमिका निभा रहे हैं.”
तेजस्वी यादव ने इस मौके पर कहा कि आरजेडी में बड़े नेताओं के शामिल होने से पार्टी और मजबूत होगी. नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए तेजस्वी बोले, “अब हमारे चाचा अचेत अवस्था में हैं. बिहार की सरकार पटना से नहीं, दिल्ली से रिमोट कंट्रोल से चलाई जा रही है.”
तेजस्वी ने दावा किया कि 2025 में महागठबंधन की सरकार बनेगी और बिहार को विकास की नई दिशा मिलेगी. राजनीतिक हलकों में इसे जदयू के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.

