शिवहर: बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले शिवहर में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गश्त और वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक चार पहिया वाहन से 62 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं.

जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई नियमित वाहन जांच के दौरान की गई, जब पुलिस को एक संदिग्ध वाहन मिला. जांच के बाद वाहन से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई.

बता दें कि शिवहर जिले में दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है. चुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. इतनी भारी राशि की बरामदगी से प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मामले की जानकारी आयकर विभाग को दी है. विभाग की टीम जल्द ही मौके पर पहुंचने वाली है. फिलहाल वाहन चालक को हिरासत में लेकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.
पुलिस ने आशंका जताई है कि विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए इस राशि का इस्तेमाल किया जा सकता था. शिवहर एसपी शैलेश कुमार ने घटना की पुष्टि की है.

