नवादा: जिले में साइबर ठगों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. साइबर थाना नवादा की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने बुधवार को वारसलीगंज थाना क्षेत्र के मीरबिघा गांव में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और तीन चारपहिया वाहन बरामद किए हैं.

एसआईटी टीम में वरीय पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष प्रिया ज्योति, राहुल, मनोज कुमार महतो, लिवाश कुमार, कृष्ण कुमार, चुनचुन, बिक्की कुमार, राजेश रंजन, गुड़िया कुमारी, चालक सुमन कुमार और विवेक कुमार शामिल थे. पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई साइबर थाना कांड संख्या 165/25, दिनांक 21 अक्टूबर 2025 के तहत की गई है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट की धारा 66, 66डी के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी लोगों को डिलीवरी एजेंट या बैंक अधिकारी बनकर फोन करते थे. वे लोगों को यह कहते थे कि उनके नाम से कोई पार्सल या जरूरी दस्तावेज आया है. इसके बाद एक ओटीपी भेजकर उसे साझा करने को कहते थे. जैसे ही लोग ओटीपी बताते थे, उनका मोबाइल या व्हाट्सएप हैक कर लिया जाता था. फिर ठग उनके संपर्कों से पैसे की मांग करते थे. पुलिस के अनुसार, ये लोग प्रति व्यक्ति 40 से 50 हजार रुपये तक की ठगी करते थे.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज कुमार (24) पिता सिद्धेश्वर प्रसाद, मीरबिघा वारसलीगंज नवादा, सतीश कुमार (25) पिता उमेश प्रसाद, पांचि शेखोपुरसराय शेखपुरा, कौशलेंद्र प्रसाद सिन्हा (39) पिता कृष्णा प्रसाद, अरथाना शेखोपुरसराय शेखपुरा, भारत कुमार (25) पिता सिकंदर यादव, बरही शेखोपुरसराय शेखपुरा और नवीन कुमार उर्फ भोंनू (28) पिता भोला प्रसाद, सोनका अरियरी शेखपुरा के रूप में हुई है.
साइबर डीएसपी प्रिया ज्योति ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इनके नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है. उन्होंने कहा कि साइबर अपराध पर रोक लगाने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
