पटना: जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के मिल्कीपर गांव में बीती रात करीब 10.30 बजे ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत फैल गई. अज्ञात अपराधियों ने सहायक शिक्षक राकेश कुमार पर कई राउंड फायरिंग की. घटना के बाद मौके से चार खोखा बरामद किया गया है. पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है.

जानकारी के मुताबिक राकेश कुमार पटना से किसी कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे. जैसे ही वे अपनी कार से गली में मुड़े, उन्होंने देखा कि घर के पास आठ से दस युवक हथियार लेकर खड़े हैं. कुछ समझ पाते इससे पहले ही अपराधियों ने उनकी कार पर गोलियां चला दीं. गोली चलने की आवाज सुनकर घर और मोहल्ले के लोग बाहर निकल आए. भीड़ जमा होते देख अपराधी कट्टा लहराते हुए मौके से फरार हो गए. हमलावर अपनी दो बाइक वहीं छोड़कर भाग निकले.
स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. बताया जा रहा है कि पकड़े गए युवक की भीड़ ने पिटाई भी कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से दो बाइक बरामद की है. सीसीटीवी फुटेज में अपराधियों को रात 9 बजे से ही घर के आसपास संदिग्ध अवस्था में देखा गया. घटनास्थल से शराब की बोतलें भी मिली हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और फरार अपराधियों की तलाश जारी है.

