पटना/ Arzoo Bakhsh राजधानी पटना से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां जानीपुर थाना क्षेत्र में घर में सो रहे दो बच्चों को जिंदा जलाकर मार डाला गया है. मृतकों की पहचान अंजली और अंश के रूप में हुई है.

मिली जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे स्कूल से घर लौटे थे और घर में ही सो रहे थे. तभी अचानक घर में आग लगने की सूचना मिली. आग की चपेट में आने से दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि बच्चों की मां पटना एम्स में गार्ड के पद पर कार्यरत हैं, जबकि पिता चुनाव आयोग के ऑफिस में प्राइवेट कर्मचारी हैं. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल की जांच की जा रही है. बच्चों के पिता ने इसे हत्या बताया है और पुलिस से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी कर सजा दिलाने की मांग की है. फुलवारीशरीफ के डीएसपी-2 दीपक कुमार भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि यह मामला दो बच्चों को जलाकर मारने का है. एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया है. घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

