औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले के देव थाना क्षेत्र अंतर्गत बेढ़नी गांव के भुईयां बिगहा के पास दो ऑटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में एक ऑटो पर सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक की पहचान फेसर थाना क्षेत्र के खैरी गांव निवासी कंचन सिंह के रूप में की गई है. वहीं घायलों की पहचान लव कुमार और नीतीश कुमार के रूप में हुई है, जो उसी गांव के रहने वाले हैं.

परिजनों के अनुसार कंचन सिंह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था. वह शादी-ब्याह और मृत्युभोज जैसे कार्यक्रमों में खाना बनाने का ठेका लेने का काम करता था. इसी सिलसिले में वह देव थाना क्षेत्र के बरना गांव में एक भोज कार्यक्रम में काम करने गया था. काम खत्म होने के बाद वह अपनी टीम के साथ ऑटो से घर लौट रहा था.
इसी दौरान भुईयां बिगहा के पास सामने से आ रही एक ऑटो ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंचन सिंह और उसके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बेढ़नी के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया.
स्थिति में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने कंचन को सदर अस्पताल रेफर कर दिया. वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत को गंभीर देखते हुए हायर सेंटर भेजने की सलाह दी गई. लेकिन दुर्भाग्यवश, हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही कंचन सिंह ने दम तोड़ दिया.
कंचन की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक का माहौल है. शव लेकर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां नगर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर अपराह्न करीब तीन बजे शव परिजनों को सौंप दिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार ऑटो चालक की तलाश की जा रही है. मृतक के परिजन राजेंद्र सिंह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

