भभुआ (कैमूर): बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत भभुआ शहर के हवाई अड्डा मैदान में बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने गुरुवार को विशाल जनसभा को संबोधित किया. जनसभा में हजारों की संख्या में लोगों की ऐतिहासिक भीड़ उमड़ी और पूरा मैदान जय भीम, जय बसपा, जय मायावती के नारों से गूंज उठा. मौके पर प्रशासनिक व्यवस्था के तहत भारी पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी रही.

जनसभा में मायावती ने भभुआ से बसपा प्रत्याशी विकास सिंह, मोहनिया से ओम प्रकाश दीवाना, रामगढ़ से सतीश उर्फ पिंटू यादव और चैनपुर से धीरज सिंह के समर्थन में जनता से वोट देने की अपील की. साथ ही उन्होंने रोहतास जिला की चेनारी विधानसभा प्रत्याशी श्वेता कुमारी सहित बसपा के कई नेताओं का नाम भी मंच से लिया.
अपने संबोधन में बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि आजादी के 70 साल से ज्यादा वक्त गुजर जाने के बाद भी दलित, अतिपिछड़ा, आदिवासी और मुस्लिम अल्पसंख्यक समाज का विकास नहीं हो सका है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश पर करीब 60 साल राज किया और अब भाजपा-एनडीए की सरकार है, लेकिन दोनों ही दलों ने गरीब और पिछड़े समाज को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया है.
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने हमेशा सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया है, यहां तक कि स्वर्ण समाज से भी कई प्रत्याशियों को टिकट दिया गया है ताकि समाज का हर वर्ग बराबरी से आगे बढ़ सके. मायावती ने कहा कि जब उत्तर प्रदेश में उनकी सरकार थी तब उन्होंने दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और अल्पसंख्यक समाज के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक काम किए, जो आज भी लोगों को याद हैं.
उन्होंने बिहार की जनता से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब जनता एनडीए और महागठबंधन दोनों से अलग विकल्प चुने और बसपा को सत्ता में लाकर बिहार के विकास का नया अध्याय लिखे. उन्होंने कहा कि अगर बिहार में बसपा की सरकार बनी तो दलित, अतिपिछड़ा, गरीब और अल्पसंख्यक समाज का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जाएगा.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
