बांका: अमरपुर रेफरल अस्पताल का शनिवार को बांका के सिविल सर्जन ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान साफ- सफाई, बाइक पार्किंग, मरीजों के बैठने की सुविधा और पेयजल व्यवस्था में कई खामियां सामने आईं, जिस पर सिविल सर्जन ने नाराजगी जताई.

निरीक्षण के दौरान ओपीडी में पहुंचकर सिविल सर्जन ने डॉक्टरों, एएनएम और नर्सों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली. मरीजों की लंबाई और वजन मापकर पर्ची में सही तरीके से दर्ज करने को लेकर भी कर्मियों से सवाल किए गए, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्हें फटकार लगाई गई.
जांच में यह भी पाया गया कि मरीजों के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है और पेयजल तथा पार्किंग की सुविधा भी दुरुस्त नहीं है. सिविल सर्जन ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी खामियों को शीघ्र दूर किया जाए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

