बांका: बांका विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी जवाहर कुमार झा ने अपना नामांकन पत्र स्वीकार होने पर समर्थकों, कार्यकर्ताओं और बांका की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और आशीर्वाद से उनका नामांकन स्वीकृत हुआ है, जो लोकतंत्र में जनता की जीत का प्रतीक है.

हालांकि, नामांकन स्वीकृत होने के बाद उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं. मीडिया से बातचीत में जवाहर झा ने कहा कि उनके प्रतिद्वंद्वी रामनारायण जी के नामांकन फॉर्म में कई अनियमितताएं हैं, जिन्हें नजरअंदाज कर दिया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार ने फॉर्म में अपनी उम्र, पता और शैक्षणिक योग्यता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां छुपाई हैं. इसके अलावा, नामांकन फॉर्म में अनुचित शब्दों का प्रयोग किया गया है, जो चुनाव आयोग के नियमों के विपरीत है.
जवाहर झा ने दावा किया कि जब ये अनियमितताएं सार्वजनिक हुईं, तो “रातों-रात चार नए फॉर्म 18 तारीख की डेट में दाखिल किए गए, जबकि वे वास्तव में 20 अक्टूबर की रात 10 बजे के बाद अपलोड हुए.” उन्होंने इसे चुनाव प्रक्रिया में “सिस्टम से समझौते का मामला” बताया. उन्होंने कहा कि पहले भी नामांकन जांच के दौरान आरओ धुरिया (डीसीएलआर, बांका) द्वारा “जबरन फॉर्म चेक” किया गया था, जिसकी शिकायत उन्होंने चुनाव आयोग से की थी.
निर्दलीय प्रत्याशी ने सवाल उठाया कि “क्या किसी पार्टी विशेष के उम्मीदवार के लिए सिस्टम को खरीदा जा सकता है ? क्या वे रात में भी नए फॉर्म अपलोड करवा सकते हैं ? क्या चुनाव आयोग के नियमों का पालन सिर्फ आम उम्मीदवारों के लिए है ?”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोधी पक्ष से उन्हें अप्रत्यक्ष रूप से धमकी दी गई थी कि उनका नामांकन पास नहीं होने दिया जाएगा.जवाहर झा ने कहा कि वे अभी जनता की अदालत में हैं, और आगे आवश्यकता पड़ी तो कानूनी लड़ाई भी लड़ेंगे. उन्होंने बांका की जनता से अपील की कि वे “सच्चाई और पारदर्शिता के पक्ष में मतदान करें, क्योंकि यही लोकतंत्र की असली ताकत है.”

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
