सरायकेला/ Rasbihari Mandal जिले के राजनगर क्षेत्र के खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. हेंसल में बाबा धवलेश्वर प्रीमियर लीग (BDPL) सीजन-3 की शुरुआत 12 जनवरी से होने जा रही है. शुक्रवार शाम 5 बजे हेंसल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान आयोजन समिति ने टूर्नामेंट से जुड़ी जानकारियां साझा कीं.

समिति ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता कई नई पहल के साथ आयोजित की जा रही है. सबसे बड़ा आकर्षण यह होगा कि हेंसल से पहली बार क्रिकेट मैचों का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा. आयोजकों का कहना है कि इससे खिलाड़ियों को नया मंच मिलेगा और खेल प्रेमी घर बैठे भी इस टूर्नामेंट का आनंद ले सकेंगे.
आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चम्पई सोरेन शामिल होंगे. समिति सदस्यों के अनुसार, टूर्नामेंट में कई टीमें हिस्सा लेंगी और खिलाड़ियों का चयन आईपीएल की तर्ज पर किया जाएगा.
विजेता टीम को 60 हजार रुपये जबकि उपविजेता टीम को 40 हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा. आयोजन समिति ने खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएं.
स्थानीय स्तर पर क्रिकेट को नई पहचान देने वाले इस टूर्नामेंट को हेंसल में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. प्रेस वार्ता में विष्णुपद गोप, उज्जवल मोदक, सुशील गोप, जीतू पटनायक, राजकुमार गोप, अमरनाथ गोप, संटु गोप, सोनू साहू, सोमनाथ गोप और भोलानाथ गोप समेत कई सदस्य मौजूद रहे.

