जामताड़ा: पूर्व रेलवे के आसनसोल रेल मंडल द्वारा 16 मई से 30 मई 2026 तक विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर “देखें, सूचित करें, हम तुरंत कार्रवाई करेंगे” (Spot It, Report It, We Are On It) थीम के तहत स्वच्छता जागरूकता अभियान का द्वितीय चरण चलाया जा रहा है. अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना और यात्रियों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना है.

रेल मंडल की ओर से “30 मिनट के भीतर सफाई की गारंटी” पहल के तहत स्वच्छता संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया जा रहा है. अभियान के माध्यम से यात्रियों को रेलवे स्टेशन और परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है.
20 मई को आसनसोल रेलवे स्टेशन, जसीडीह रेलवे स्टेशन और बराकर रेलवे स्टेशन पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए. इन कार्यक्रमों में मंडल के अधिकारी, पर्यवेक्षक और हाउसकीपिंग कर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया.
आसनसोल स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में स्टेशन प्रबंधक, पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन विभाग तथा वाणिज्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया. वहीं जसीडीह स्टेशन पर वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन) के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल, वाणिज्य विभाग और हाउसकीपिंग कर्मियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया.
बराकर स्टेशन पर सहायक परिचालन प्रबंधक (सुरक्षा) की देखरेख में स्टेशन प्रबंधक, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल, बुकिंग सुपरवाइजर और हाउसकीपिंग टीम ने यात्रियों से संवाद स्थापित किया और साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की.
अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और स्टेशन परिसर में यात्रियों को बताया गया कि किसी भी अस्वच्छ स्थान की सूचना RailMadad ऐप के माध्यम से या #ERChallenge हैशटैग के साथ @DrmAsansol को टैग कर दी जा सकती है. अधिकारियों ने बताया कि प्लेटफॉर्म, शौचालय, प्रतीक्षालय, फुट ओवरब्रिज और स्टेशन परिसर से जुड़ी शिकायतों पर परिचालन परिस्थितियों के अनुसार 30 मिनट के भीतर कार्रवाई की जा रही है.
रेल यात्रियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे की यह यात्री-केंद्रित व्यवस्था स्टेशन परिसर को स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने की दिशा में सराहनीय कदम है.
आसनसोल रेल मंडल ने यात्रियों से डस्टबिन का उपयोग करने, स्टेशन परिसर में कूड़ा नहीं फैलाने और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बचने की अपील की है. मंडल का कहना है कि इस अभियान के जरिए यात्रियों को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



