आदित्यपुर: नगर निगम के वार्ड 17 स्थित हरिओम नगर एलआईजी फ्लैट में उस समय अफरातफरी मच गई जब सफाई कार्य के दौरान नगर निगम की महिला सफाई कर्मियों पर एक पालतू कुत्ते ने हमला कर दिया. हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

बताया जा रहा है कि सुभाष बोस नामक व्यक्ति ने रॉट व्हीलर नस्ल का कुत्ता पाल रखा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह कुत्ता पहले भी मोहल्ले के बच्चों और अन्य लोगों पर हमला कर चुका है. घटना के बाद इसकी शिकायत नगर निगम के प्रशासक रवि प्रकाश से की गई. प्रशासक ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
कॉलोनीवासियों ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्ति ने सीवरेज चैंबर पर अवैध अतिक्रमण कर निर्माण कर रखा है. इसकी सूचना गम्हरिया अंचलाधिकारी और सरायकेला एडीसी को भी दी गई है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

