गम्हरिया: आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या पांच में बीते रविवार को वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 250 बुजुर्गों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का आयोजन वार्ड के निवर्तमान पार्षद सिद्धनाथ सिंह के नेतृत्व में किया गया. इस दौरान सभी वरिष्ठ नागरिकों को शॉल ओढ़ाकर और पौधा भेंट कर उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई.

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि बुजुर्गों के चेहरे पर मुस्कान ही समाज की असली पूंजी है. उन्होंने कहा कि जब बुजुर्ग खुश रहते हैं तो बच्चों और परिवार की जिंदगी भी संवर जाती है. हर बच्चे का कर्तव्य है कि वह अपने माता-पिता और बड़ों का सम्मान करे.
उन्होंने वार्ड संख्या पांच में पिछले 15 वर्षों से सेवा कार्य करते आ रहे निवर्तमान पार्षद सिद्धनाथ सिंह की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हर वर्ग के लोगों के चेहरे पर खुशी लाने का प्रयास किया है. उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे उनके कार्यकाल की निष्पक्ष समीक्षा कर आगे का निर्णय लें.

इस अवसर पर निवर्तमान पार्षद की पत्नी सह भावी प्रत्याशी संध्या देवी ने अतिथियों का स्वागत किया.
कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी रविंद्र नाथ चौबे, जनार्दन कुमार, चंचल सिंह, जगदीश ठाकुर, संतोष सिंह, सन्नी सिंह, दिलीप तुलस्यान, कामेश्वर शर्मा, लाल बिहारी राम, अमरेश कुमार ईश्वर, प्रवीण कुमार, डॉ. मलय द्विवेदी, अनिरुद्ध मांझी, कार्तिक साह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे.

