सरायकेला: आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 34 से ज्योति कुमारी ने मंगलवार को सरायकेला अनुमंडल कार्यालय में पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल कर चुनावी माहौल को गरमा दिया है. पहली बार चुनावी मैदान में उतरी ज्योति कुमारी ने अपनी जीत का दावा भी किया है.

गौरतलब है कि ज्योति कुमारी का परिवार क्षेत्र में समाज सेवा के लिए जाना जाता है. उनके पति दीपक सिंह भारतीय जनता पार्टी के समर्पित नेता हैं और जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ रखते हैं. सामाजिक गतिविधियों में पूरा परिवार सक्रिय रहा है.

नामांकन के बाद ज्योति कुमारी ने कहा कि वार्ड 34 में अपेक्षित विकास नहीं हो सका है. पिछले दो कार्यकाल से रीता देवी लगातार चुनाव जीतती रही हैं, लेकिन आज भी वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है. उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों रुपये की लागत से बना छठ घाट भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है. सड़कों और नालों की स्थिति भी खराब है. मालूम हो कि इस वार्ड से रिंकी देवी भी पहली बार चुनावी मैदान में हैं. ऐसे में मुकाबला त्रिकोणीय होता नजर आ रहा है. भारी समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंची ज्योति कुमारी को क्षेत्र में अच्छा समर्थन मिलता दिख रहा है. अब देखना दिलचस्प होगा कि वार्ड 34 की जनता बदलाव का फैसला करती है या जनादेश फिर से रीता देवी के पक्ष में जाता है.

