सरायकेला: जिला अंतर्गत आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 23 से पार्षद पद के लिए अवधेश कुमार सिंह ने शनिवार को अपना नामांकन दाखिल किया. वे चुनिंदा समर्थकों के साथ सरायकेला अनुमंडल कार्यालय पहुंचे और सादगीपूर्ण तरीके से नामांकन पत्र जमा किया.

नामांकन के दौरान कोई विशेष तामझाम नहीं दिखा. समर्थकों की मौजूदगी में शांत माहौल में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई. पर्चा दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अवधेश कुमार सिंह ने वार्ड की जनता से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें एक अवसर देती है तो वे वार्ड के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करेंगे. श्री सिंह ने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही.
नगर निकाय चुनाव को लेकर वार्ड 23 में भी राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. आगामी दिनों में अन्य प्रत्याशियों के नामांकन के साथ चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है.

