आदित्यपुर: नगर निगम के वार्ड संख्या 17 में मतदान के दौरान गंभीर प्रशासनिक अव्यवस्था का मामला सामने आया है. बूथ संख्या 124 पर तैनात BLO सत्यम भारद्वाज की भूमिका को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. प्रशासनिक लापरवाही के आरोपों के बीच सत्यम भारद्वाज को बूथ से हटाया गया. आरोप है कि हटाए जाने के बाद वे बूथ संख्या 124 की मतदाता सूची अपने साथ लेकर चले गए. इसके कारण करीब डेढ़ घंटे तक मतदान कार्य प्रभावित रहा और प्रक्रिया बाधित हो गई.

इस दौरान मतदाता बूथ के बाहर इधर- उधर भटकते नजर आए. कई मतदाता मतदान से वंचित रहे और असमंजस की स्थिति बनी रही. मौके पर ड्यूटी संभालने पहुंचे BLO सुपरवाइजर अभिषेक मिंज और सहायक बूथ प्रभारी सुरेंद्र कुमार के बीच नोक- झोंक की भी सूचना है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया. बाद में वैकल्पिक व्यवस्था कर मतदान प्रक्रिया पुनः शुरू कराई गई. हालांकि इस घटना ने चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना यह दिलचस्प होगा कि इस लापरवाही पर प्रशासन का क्या रुख होता है. इस लापरवाही को लेकर प्रत्याशियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है. वही मतदाता भी मायूस नजर आए.

