आदित्यपुर: नगर निगम के वार्ड संख्या 15 में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है. वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी कृष्णा मुरारी श्रीवास्तव लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से सीधा संवाद कर रहे हैं.

पूर्व वायु सैनिक रहे श्रीवास्तव “सैनिक बनकर देश सेवा किया, सेवक बनकर जनसेवा करेंगे” के नारे के साथ घर-घर पहुंच रहे हैं. उनका चुनाव चिन्ह “बेबी वॉकर छाप” है. समर्थकों के साथ वे वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में बैठकें कर विकास, स्वच्छता, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और बुनियादी सुविधाओं को प्रमुख मुद्दा बना रहे हैं.
जनसंपर्क के दौरान वे लोगों की समस्याएं सुनकर समाधान का आश्वासन दे रहे हैं. उनका कहना है कि अनुशासन और सेवा भावना के साथ वे वार्ड 15 को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधासंपन्न बनाने के लिए काम करेंगे.
वार्ड 15 में इस बार बहुकोणीय मुकाबला माना जा रहा है. ऐसे में कृष्णा मुरारी श्रीवास्तव का सैन्य अनुभव और सीधा संपर्क अभियान कितना प्रभाव डालता है, यह आने वाला चुनाव परिणाम तय करेगा.

