आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai बांदो दारहा टुसू मेला कमिटी की ओर से अखान यात्रा के अवसर पर गुरुवार को सीतारामपुर फिल्टर प्लांट मैदान में आयोजित टुसू मेले में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी. महिला, पुरुष और बच्चों की टोलियां पारंपरिक उल्लास के साथ मेले का आनंद लेती नजर आईं.

मेले में सरायकेला, गम्हरिया, आदित्यपुर समेत आसपास के क्षेत्रों से कुल 12 टुसू प्रतिमाएं पहुंचीं. प्रतियोगिता में सोसोमोली गांव की टुसू प्रतिमा को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, जिसे 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई. द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ और पंचम स्थान पर आने वाली प्रतिमाओं को क्रमशः 15 हजार, 10 हजार, 5 हजार और 4 हजार रुपये प्रदान किए गए. शेष प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया.
उल्लेखनीय है कि भुवा, सीतारामपुर और मीरुडीह के ग्रामीणों द्वारा वर्ष 1982 से प्रतिवर्ष, कोविड काल को छोड़कर, इस विराट टुसू मेले का आयोजन किया जाता रहा है. इस मेले में हर वर्ष दूर- दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद विद्युतवरण महतो ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड प्राकृतिक संपदाओं से भरपूर राज्य है, लेकिन रोजगार की कमी के कारण लोगों को बाहर जाना पड़ता है. उन्होंने कहा कि टुसू पर्व के अवसर पर प्रवासी लोग छुट्टी लेकर अपने गांव लौटते हैं, जिससे सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव मजबूत होता है. सांसद ने टुसू पर्व को झारखंड की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए लोगों को बधाई दी और सफल आयोजन के लिए मेला कमिटी एवं बास्को बेसरा परिवार की सराहना की.
इस अवसर पर गम्हरिया लैम्पस के अध्यक्ष बास्को बेसरा, बासोराम बेसरा उर्फ भुन्डा बेसरा, नगर उपाध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान, पूर्व पार्षद बीरेंद्र गुप्ता, खिरोद सरदार, नगर उपाध्यक्ष राजेश लाहा, अनादि आचार्य, मांझी बाबा रवि हांसदा, नाईके बाबा लखन बास्के सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे.

