आदित्यपुर (Kunal Kumar) सड़क दुर्घटना में घायल हुए अशोक कुमार सेनापति को श्री शनिदेव भक्त मंडली ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए आर्थिक सहयोग किया. ओडिशा के बारीपादा निवासी अशोक कुमार सेनापति ढाई साल पूर्व बाइक से आदित्यपुर से बारीपादा स्थित अपने पैतृक आवास जाने के क्रम में सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे. सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, उनका स्पाइनल कॉर्ड फ्रैक्चर हो गया था. इलाज में उनकी सारी जमा पूंजी खत्म हो गई थी.

पैसे के अभाव में उनका इलाज रुक गया था. उन्होंने मंडली सदस्य संदीप बॉल एवं धीरेन्द्र प्रसाद के माध्यम से मंडली से मदद की गुहार लगाई. मंडली के सदस्यों ने इसे गंभीरता से लिया और आपस में 61 हजार रुपए इकट्ठे कर उसके बारीपादा स्थित आवास जाकर सौंपा. इसमें मंडली संरक्षक देवब्रत घोष, सचिव उज्ज्वल घोष, विनय चन्द्र दास, मंटू सिंह मोदक, अजय शंकर मंडल, गौरंगो धर, उदित नारायण जेना आदि का योगदान रहा.

