आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai सहारा सोसाइटी में इस वर्ष मां दुर्गा पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई. पूजा के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही, जिनमें महिलाओं और बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया. डांडिया और धुनुची नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र बने.

पूरे तीन दिनों तक पूजा के साथ- साथ भोग वितरण का कार्यक्रम भी चला, जिसमें उपस्थित लोगों को नि:शुल्क भोग प्रदान किया गया. आयोजन समिति ने माइक और व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार सूचना देकर सभी को उत्सव में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया.

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. विसर्जन का दृश्य भव्य और भावनात्मक रहा, जिसमें सोसाइटी की महिलाएं, बच्चे और अभिभावक बड़ी संख्या में शामिल हुए. सोसाइटी परिसर में रंग-बिरंगे गुलाल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में प्रोसेशन निकाला गया.
मुख्य संरक्षक शशांक गांगुली और अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य शांति और सामूहिक सौहार्द को बढ़ावा देना है. उन्होंने कहा कि यह सभी की जिम्मेदारी है कि ऐसे आयोजन सुरक्षित और सफल रूप से संपन्न हों.

