आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai थाना क्षेत्र के माझी टोला स्थित रैन बसेरा कॉलोनी में शनिवार को एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. फ्लैट नंबर 41 में किराये पर रहने वाले उक्त व्यक्ति की उम्र लगभग 55 से 60 वर्ष बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि तीन से चार दिन पहले उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद से वह गहरे तनाव में था.

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घर के भीतर आठ से दस कुत्ते मौजूद होने के कारण टीम शव को अपने कब्जे में नहीं ले सकी. पुलिस ने बताया कि पहले कुत्तों को नियंत्रित करने की व्यवस्था की जाएगी, इसके बाद रविवार को आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बताया जाता है कि मृतक करीब पांच माह पहले ही इस फ्लैट में किराए पर रहने आया था. स्थानीय लोगों को उसका नाम तक ज्ञात नहीं है क्योंकि वह अधिक मेलजोल नहीं रखता था. मकान मालिक भी शहर से बाहर हैं. घटना के बाद कॉलोनी में भय और दुख का माहौल है. पुलिस अब पोस्टमार्टम और पहचान की प्रक्रिया रविवार को पूरी करेगी.

