आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे को लेकर सामाजिक संस्था जनकल्याण मोर्चा, जलाडो और आदित्यपुर अधिवक्ता संघ ने प्रेस बयान जारी किया है. मोर्चा अध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि आदित्यपुर सहित पूरे सरायकेला- खरसावां जिले के लिए यह अत्यंत गौरव और सौभाग्य का विषय है कि भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का आगमन आदित्यपुर स्थित राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान एनआईटी जमशेदपुर में होने जा रहा है. यह झारखंड का एकमात्र एनआईटी कॉलेज है, जहां महामहिम राष्ट्रपति विद्यार्थियों के बीच दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी.

गौरतलब है कि भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद रहे हैं, जबकि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू देश की 15वीं महामहिम राष्ट्रपति हैं. आदित्यपुर में आयोजित दीक्षांत समारोह के माध्यम से उन्होंने हजारों विद्यार्थियों और सरायकेला- खरसावां जिले के लाखों आम लोगों का मान- सम्मान बढ़ाया है.
उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर जन कल्याण मोर्चा आदित्यपुर, झारखंड लीगल एडवाइजरी एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन तथा आदित्यपुर अधिवक्ता संघ महामहिम राष्ट्रपति का तहे दिल से स्वागत किया है. संगठनों ने आम लोगों से अपील की है कि वे राष्ट्रपति के कार्यक्रम का पूरे उत्साह और गरिमा के साथ स्वागत करें.
संगठनों ने कहा कि भारत के गणतंत्र के 75 वर्षों के बाद यह सौभाग्य आदित्यपुर को प्राप्त हुआ है, जिसे हर नागरिक को यादगार बनाना चाहिए. यह पहला अवसर है जब भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन महामहिम राष्ट्रपति के रूप में श्रीमती द्रौपदी मुर्मू आदित्यपुर पधार रही हैं, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है.
संगठनों ने यह भी कहा कि सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए आम लोगों को व्यक्तिगत असुविधा हो सकती है, लेकिन इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की सफलता आदित्यपुर, सरायकेला- खरसावां जिला और जमशेदपुर के लिए गर्व का विषय होगी.
बयान जारी करनेवालों में ओम प्रकाश अधिवक्ता सह अध्यक्ष जन कल्याण मोर्चा आदित्यपुर, सुनील कुमार स्वाईं सचिव झारखंड लीगल एडवाइजरी एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन, दीपेंद्र नाथ ओझा अध्यक्ष आदित्यपुर अधिवक्ता संघ और रवि शंकर पासवान सचिव आदित्यपुर अधिवक्ता संघ शामिल हैं.

