आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai रेलवे कॉलोनी स्थित शिव मंदिर परिसर में कुम्हार (प्रजापति) समाज की ओर से रविवार को नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर वरीय राजद नेता सह प्रजापति (कुम्हार) समाज के नगर अध्यक्ष राजेश्वर पंडित का विधिवत अभिनंदन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश राजद महासचिव सह आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह उपस्थित थे.

अपने संबोधन में पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि प्रजापति (कुम्हार) समाज का इतिहास अत्यंत प्राचीन, गौरवशाली और सृजनात्मक रहा है. उन्होंने कहा कि मिट्टी के बर्तन, मूर्तिकला और शिल्प के माध्यम से इस समाज ने मानव सभ्यता के विकास की मजबूत नींव रखी है. प्रजापति समाज को सृजनकर्ता भगवान ब्रह्मा का वंशज बताते हुए उन्होंने कहा कि पौराणिक काल से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक इस समाज का योगदान निरंतर और सराहनीय रहा है.
उन्होंने पौराणिक दक्ष प्रजापति, संत गोरा कुंभार, स्वतंत्रता सेनानी एवं संविधान सभा के सदस्य डॉ. रत्नपा कुम्हार तथा संतराम प्रजापति जैसी महान विभूतियों का स्मरण करते हुए कहा कि इन महापुरुषों ने न केवल समाज बल्कि पूरे राष्ट्र को दिशा देने का कार्य किया.
पुरेंद्र नारायण सिंह ने नगर अध्यक्ष राजेश्वर पंडित के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से आदित्यपुर क्षेत्र में प्रजापति (कुम्हार) समाज संगठित हो रहा है और सामाजिक चेतना मजबूत हो रही है. उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा को प्राथमिकता देने, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होने और संगठित होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में अध्यक्ष राजेश्वर पंडित के अलावा लीला पंडित, गणेश प्रजापत, अरुण कुमार पंडित, दुर्गादत्त पंडित, देव प्रकाश देवता, सतेन्द्र प्रभात, जवाहर लाल सिंह, एस आर प्रसाद, प्रमोद गुप्ता, मोहन पंडित, शिवचरण प्रजापति, जनार्दन पंडित, हरि पंडित, जोगेन्द्र पंडित, रविन्द्र पंडित, अरविन्द पंडित, डी एन प्रसाद, सी एम पंडित, विजय पंडित सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे.

