आदित्यपुर: पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की चार मोटरसाइकिल के साथ दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अभियुक्तों में रवि महतो उर्फ पतली एवं दूसरा अभियुक्त सुरज सोय उर्फ डाकु, शामिल हैं. दोनों एलआईसी कॉलोनी के नीचे घासी राम के घर में भाड़ेदार के रूप में रह रहा था. दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

इसकी जानकारी देते हुए थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, अवैध हथियार, मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री एवं संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम को लेकर छापामारी एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी क्रम में शनिवार को दो संदिग्ध व्यक्तियों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया.
मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक को दी गई, जिसके बाद उनके निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापामारी की गई. छापामारी के दौरान अभियुक्त सुरज सोय उर्फ डाकु के घर से दो चोरी की मोटरसाइकिल, जबकि अभियुक्त रवि महतो उर्फ पतली के घर सालडीह बस्ती से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई. इसके अलावा दोनों अभियुक्तों के बताए अनुसार उनके एक अन्य साथी के घर से भी एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई. सभी बरामद मोटरसाइकिल को विधिवत जप्त कर लिया गया है.
बरामद मोटरसाइकिल में एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल संख्या JH22H-2704, दो बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल तथा एक काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पंजी संख्या JH01EH-6384 शामिल है.
पुलिस के अनुसार मुख्य अभियुक्त सुरज सोय उर्फ डाकु का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ आदित्यपुर, ईचागढ़, आरआईटी और कदमा थाना में चोरी और चोरी का माल रखने से जुड़े कुल सात आपराधिक मामले पूर्व से दर्ज हैं.
इस पूरी कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की सहित पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस का कहना है कि चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा.

