आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai दिंदली बस्ती निवासी तरुण दास ने कुड़मी समाज के स्थानीय नेता लालटू महतो सहित पांच लोगों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है. इस मामले में उन्होंने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.

तरुण दास ने बताया कि रविवार की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच वे आदित्यपुर फुटबॉल मैदान के पास बन रहे पंडाल के समीप लालटू महतो से बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. आरोप है कि इसी बीच लालटू महतो के अंगरक्षक और अन्य सहयोगियों ने उन पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी. धमकी में कहा गया कि “तुम्हें घर में घुसकर मारेंगे.”
शिकायत में जिन लोगों के नाम लिए गए हैं, उनमें लालटू महतो, छोटू महतो, रितेन महतो, बोस्ता मंडल और लालटू महतो का निजी अंगरक्षक शामिल हैं. तरुण दास ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मिलकर मामले की शिकायत करेंगे.

