आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर नगर निगम में एक नए मुद्दे को लेकर नगर निगम प्रशासन पर सवाल खड़े हो गए हैं. बुधवार को आदित्यपुर नगर झामुमो कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल नगर निगम कार्यालय पहुंचा और राजस्व ग्राम के नाम के साथ कथित रूप से हो रहे खिलवाड़ को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया. प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासक से मुलाकात कर इस गंभीर विषय में तत्काल सुधार की मांग की.

कमेटी के नेताओं ने कहा कि राजस्व ग्राम ‘दिंदली मौजा’ को कई सरकारी दस्तावेजों और अभिलेखों में गलत तरीके से “बस्ती” के रूप में दर्शाया जा रहा है, जो न केवल प्रशासनिक लापरवाही है बल्कि झारखंडी अस्मिता और स्थानीय इतिहास के साथ भी गंभीर अन्याय है. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी राजस्व ग्राम को बस्ती कहकर संबोधित करना उसकी पहचान, इतिहास और अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश है.
प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम प्रशासक से मांग की कि भविष्य में सरकारी दस्तावेजों, नक्शों और योजनाओं में “बस्ती” जैसे शब्दों का प्रयोग बंद किया जाए और उसकी जगह “आदर्श ग्राम”, “राजस्व ग्राम” या “मूल ग्राम” जैसे सम्मानजनक शब्दों का उपयोग किया जाए. नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि वर्षों से इस त्रुटि की ओर किसी भी अधिकारी ने गंभीरता से ध्यान नहीं दिया, जो प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है.
झामुमो कमेटी के सदस्यों ने यह मांग भी रखी कि आदित्यपुर के विकास के लिए रैयतों द्वारा दान दी गई जमीन का सार्वजनिक रूप से उल्लेख किया जाए. उन्होंने कहा कि जिन रैयतों की जमीन पर आज खेल के मैदान, पार्क, सड़क और अन्य सार्वजनिक स्थल बने हैं, उनकी पहचान और योगदान को दबाया जा रहा है. यदि यह सिलसिला यूं ही चलता रहा तो आने वाली पीढ़ियां अपने इतिहास और अपने पूर्वजों के बलिदान से अनजान रह जाएंगी.
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि इस मुद्दे पर जल्द सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो कमेटी जन आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी. इस मामले ने स्थानीय लोगों के बीच भी नाराजगी बढ़ा दी है और अब नगर निगम प्रशासन पर सख्त निर्णय लेने का दबाव बनता जा रहा है.
इसमें मुख्य रूप से कृष्णा महतो, जगदीश महतो, अभी मुखी, रविंद्र बास्के, शंकर मुखी, डोनाल्ड मंडल, मंगल हेंब्रम आदि मुख्य रूप से शामिल रहे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
